संवाद न्यूज एजेेंसी
शाहाबाद। उपजिलाधिकारी न्यायालय में मुकदमे के पत्रक पर काले पेन से दो बार क्राॅस कर काट देने के आरोप में एक अधिवक्ता के मुंशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसडीएम के पेशकार की तहरीर पर दर्ज हुए मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है।
खास बात यह है कि बीते दिनों एसडीएम ने जिस अधिवक्ता के खिलाफ अनुसूचित जाति उत्पीड़न समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उसी के पिता के मुंशी के खिलाफ अब मामला दर्ज किया गया है।
शाहाबाद कोतवाली में दी गई तहरीर में देवेंद्र पांडेय ने बताया कि वह राजस्व अहलमद पेशकार पद पर एसडीएम न्यायालय में तैनात है। बीती 30 अगस्त को न्यायालय में सरकारी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान तहसील के अधिवक्ता राम सनेही अपने मुुंशी सुशील कुमार के साथ आए और ग्राम इटारा की मुरारीलाल बनाम बूटा सिंह के मुकदमे की पत्रावली दिखाने को कहा।
फाइल दिखाने पर साथ आए मुंशी सुशील कुमार ने पत्रक आदेश को काले पेन से दो बार क्राॅस बनाकर काट दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारने के लिए हमलावर हो गए और जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।