हरदोई। लखनऊ पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कपड़ा और सराफा व्यापारी के संदिग्ध हालात में गोली लगने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
व्यापारी के एक लाख 20 हजार रुपये से भरा बैग, सोने की तीन अंगूठी और एक चेन लूटने व जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस को घटना से जुड़े अहम सुराग मिल गए हैं। पूरी उम्मीद है कि अगले 48 घंटों के अंदर पुलिस घटना का खुलासा कर देगी।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला होलीकला निवासी रुपेश द्विवेदी की गुलाब बैंड चौराहे के पास कपड़े और ज्वैलरी की दुकान है। बुधवार दोपहर में वह लखनऊ पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंधे के नीचे गोली लगने से घायल हो गए थे।
रुपेश ने दावा किया था कि बाइक सवारों ने उनसे एक लाख 20 हजार रुपये से भरा बैग, सोने की तीन अंगूठी और चेन लूट ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने फौरन ही छानबीन शुरु कर दी थी।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पुलिस अधिकारियों ने खंगाले तो चौकाने वाली जानकारियां सामने आईं। इतना ही नहीं पूरी घटना को लेकर ही सवालियां निशान लग गए।
दरअसल, फुटेज में 10 मिनट के अंदर रुपेश द्विवेदी बाइक से नेशनल हाईवे पर घटनास्थल के आसपास छह बार नजर आए हैं। इसके कुछ देर बाद ही घटना होने की जानकारी उन्होंने दी है। पुलिस ने शाहाबाद कस्बे में लगे अलग-अलग सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं। इनमें भी रुपेश बाइक से जाते दिख रहे हैं, लेकिन उनके पास कोई बैग नजर नहीं आ रहा है।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि फिलहाल व्यापारी के भाई राघवेंद्र उर्फ मुकेश द्विवेदी की तहरीर पर जानलेवा हमले और लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना को लेकर अहम सुराग मिले हैं। व्यापारी की हालत खतरे से बाहर है। सब कुछ ठीक रहा तो दो दिन के अंदर घटना का खुलासा हो जाएगा।