हत्या कर शव फेंके जाने की रिपोर्ट दर्ज
- 11 दिन पहले गर्रा नदी में मिला था युवक का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
पाली। 11 दिन पहले गर्रा नदी में युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव किलकिली निवासी मिठनी पत्नी स्व. दिनेश ने बताया कि वह सुहागपुर में बतौर सफाई कर्मी तैनात है। स्वास्थ्य सही न होने के कारण कुछ दिनों से ड्यूटी पर उनका बेटा सुमित (25) जा रहा था।
एक मार्च को जब वह वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सात मार्च को सुमित का शव पचदेवरा थाने के उमरिया कला गांव के सामने गर्रा नदी में उतराता मिला था। पचदेवरा पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया था। मृतक की मां ने बेटे की हत्या कर शव को गर्रा नदी में फेंके जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पाली थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हत्या की पुष्टि
जानकारी के मुताबिक सात मार्च को गर्रा नदी में मिले युवक के शव की पीएम रिपोर्ट में भी हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। युवक की गर्दन पर रस्सी व चोट के निशान मिले थे। पोस्टमार्टम में रस्सी से गला कसकर हत्या होने की पुष्टि हुई है। आखिर किसने सुमित की हत्या करके शव को नदी में फेंका, अभी यह कह पाना मुश्किल है। फिलहाल पुलिस देर से ही सही पर घटना के खुलासे को लेकर गहनता से जांच में जुट गई है।