हरदोई। शहर की घनी आबादी के बीच मुन्ने मिया चौराहे से बाबा मंदिर तिराहे और मस्जिद तिराहे तक मार्ग नवीनीकरण होने से लोगों को आवागमन में सुविधा और सहूलियत हुई है।
नगर पालिका परिषद की ओर से बरसात कम होने पर मार्ग की ऊपरी परत का काम बुधवार रात में कराया गया है। मार्ग बन जाने से इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को अब हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे और वाहन चलाने में गड्ढों से बचने की समस्या नहीं होगी।
शहर की घनी आबादी और सदर बाजार को भूसा मंडी से होकर जाने वाले करीब 400 मीटर लंबाई वाले मार्ग पर 80 से अधिक बड़े-बड़े गड्ढे और कई स्थानों पर पूरा का पूरा मार्ग ही उखड़ गया था। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें होती थीं। अमर उजाला ने इन मार्गों पर हो रही लोगों को दिक्कतों पर छह अगस्त को ‘400 मीटर की सड़क में 80 से ज्यादा गड्ढे, राहगीर परेशान’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर को प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने मार्ग का सर्वे कराते हुए बरसात के बाद कराने की बात कही थी।
नगरीय निकाय की ओर से मुन्ने मियां के चौराहे पर रफी अहमद किदवाई चौराहे और बाबा मंदिर तिराहे की ओर से जाने वाले क्षतिग्रस्त मार्गों का नवीनीकरण कराया गया है। अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने बताया कि मुन्ने मियां चौराहे के दोनों ओर के मार्ग के साथ ही डीएम आवास के पास से जाने वाले मार्ग का भी नवीनीकरण करा दिया गया है।