सपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने शनिवार को जिलाधिकारी से कहा कि जिले में प्रधानों के खातों पर लगी रोक तत्काल हटवाएं। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू हो सकें। इस काम में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की संस्तुति करें। उन्होंने बताया कि हरदोई से गोपामऊ और सांडी रोड का निर्माण अगले वित्तीय वर्ष में कराया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव से मंजूरी ले ली है।
बैटगंज स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए सांसद ने कहा कि शासन ने श्मशान घाट को बनाने के लिए पचास लाख रुपये मंजूर किए है। इसकी कार्ययोजना और बजट आते ही काम शुरू कराया जाएगा। कब्रिस्तानों के लिए पूर्व में बजट जारी किया गया था। यदि कोई कमी होगी तो वह अपनी सांसद निधि से पैसा देकर काम पूरा कराएंगे।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों के खातों में रोक लगी होने के कारण उन्होंने डीएम को निर्देश दिए है कि वह डीपीआरओ से खातों को खुलवाएं और अवशेष पैसे को नए खाते में डलवाकर प्रधानों के माध्यम से होने वाले विकास कार्यों को कराएं। उन्होंने ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर भी कार्यकर्ताओं से चर्चा की और दावा किया कि जिले की अधिकांश सीटों पर पार्टी समर्थक प्रत्याशी का परचम फहरेगा।