- डीएम ने परिक्रमा तैयारियों की ली जानकारी, सीतापुर सीमा पर बनेगा स्वागत द्वार
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। नैमिषारण्य से शुरू होने वाली चौरासी कोसी परिक्रमा के जिले में पड़ने वाले पड़ाव पर की जाने वाली व्यवस्थाओं की डीएम एमपी सिंह ने जानकारी ली। कहा कि परिक्रमा मार्ग के मंदिरों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए और मंदिर पर बोर्ड भी लगवाए जाएंगे।
डीएम ने सोमवार को कलक्ट्रेट में चौरासी कोसी परिक्रमा की तैयारी बैठक की अध्यक्षता की। अधिकारियों से कहा कि परिक्रमा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को पहले से ही जुटा लिया जाए। पर्यटन विभाग की ओर से चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग पर सीतापुर सीमा पर स्वागत द्वार बनवाया जाएगा। कहा कि यात्रा के लिए एक कार्ययोजना बना ली जाए।
पड़ाव स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल व शौचालय के साथ ही सुचारु बिजली आपूर्ति की व्यवस्था कराई जाए। पानी टैंकर की भी व्यवस्था की जाएं। बिजली आपूर्ति के लिए एक जेनरेटर की भी व्यवस्था रखी जाए। परिक्रमा मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। पड़ाव स्थल पर मंदिर और शिवालयों की साफ-सफाई कराई जाए और मंदिर पर संबंधित भगवान के नाम का नाम का बोर्ड भी लगवाया जाएगा।
सभी पड़ाव पड़ाव स्थल पर एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा और कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। मार्गों की मरम्मत का शीघ्र करा ली जाए। एडीएम प्रियंका सिंह, प्रफुल्ल त्रिपाठी समेत अधिकारी मौजूद रहे।