हरदोई। गांवों के विकास कार्यों के लिए प्राप्त राशि को खर्च करने में लापरवाही पर डीपीआरओ ने नाराजगी जाहिर की। डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) पंजीकृत न कराने वाली एक पंचायत कर्मी के निलंबन की संस्तुति की है। लापरवाही पर सात पंचायत कर्मियों का पांच-पांच दिन का वेतन काट दिया है।
गांवों के विकास के लिए पंचायतीराज विभाग की ओर से राज्य वित्त आयोग और केंद्रीय वित्त आयोग की मद से बड़ी मात्रा में राशि जारी की जाती है। राशि को खर्च किए जाने के साथ ही कराए जाने वाले कामों के प्रतिशत और भुगतान की भी समीक्षा की जा रही है। डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने सोमवार को विकास खंड भरावन, कोथावां आदि की समीक्षा की। बताया कि भरावन में तैनात पंचायत सचिव स्वाती सिंह ने डीएससी ही पंजीकृत नहीं कराया है। इनके निलंबन की संस्तुति डीडीओ को भेजी जा रही है। खराब स्थिति के लिए पंचायत सचिव रविंद्र कुमार, संजय कुमार, ज्ञान सिंह, अरविंद कुमार, लक्ष्मी नारायण और कोथावां के पंचायत सचिव रामकुमार व संतोष का पांच-पांच दिन का वेतन काट दिया गया है। बताया कि दोनों ही सहायक विकास अधिकारियों को प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।