हरदोई। सरकारी खरीद के लिए खोले गए क्रय केंद्र का संचालन न करना यूपीएसएस के सहायक विक्रेता के लिए मुसीबत बन गया है। जिला प्रशासन ने यूपीएसएस के प्रबंधक निदेशक से सहायक विक्रेता के निलंबन की संस्तुति की है। जनपद में धान खरीद के लिए 97 क्रय केंद्र खोले जाने का दावा प्रशासन ने किया था। इसी बीच अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी को पता चला था कि सीतापुर रोड पर नयागांव के शेड एक और दो में बनाए गए क्रय केंद्रों का संचालन ही नहीं हो रहा है। इसकी जांच कराई गई तो पता चला कि क्रय केंद्र संचालन की जिम्मेदारी यूपीएसएस के सहायक विक्रेता प्रदीप कुमार मौर्या की थी। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि प्रदीप वहां केंद्र संचालित करने से लगातार बच रहा था। एडीएम ने बताया कि प्रदीप के खिलाफ निलंबन की संस्तुति कर दी गई है।