फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: नदियों के घटते पानी ने बढ़ाया कटान का खतरा

विज्ञापन
विज्ञापन
हरदोई/बिलग्राम। नदियों का जलस्तर घटने लगा है, लेकिन बाढ़ प्रभावित कटरी और कटियारी क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। पानी घटने के साथ नदी किनारों पर कटान का खतरा बढ़ गया है। खेतों में अब भी पानी भरा होने से फसलें डूबी हैं। गांवों में जलभराव के बाद जमा गंदगी और बीमारियों के पनपने से लोग परेशान हैं।
विज्ञापन

बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम होने से ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोगों के सामने अब कटान का खतरा खड़ा हो गया है। पानी के घटने-बढ़ने के बीच नदी का बहाव किनारों को प्रभावित कर रहा है। इससे खेतों और आबादी के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। बिलग्राम क्षेत्र में कटरी क्षेत्र पानी से भर गया था। गंगा में लगातार जलस्तर घट रहा है इसके बावजूद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है क्योंकि पानी अभी भी गांवों के नजदीक बना हुआ है। घासीराम पुरवा से आने वाला मार्ग, बाण जरेला मार्ग पर पानी भरा हुआ है। आवागमन के लिए फिलहाल नाव का ही सहारा है। शिक्षा व्यवस्था भी पिछली पंद्रह दिनों से चौपट है। स्कूलों में भरा पानी नहीं निकल सका है। अभिभावक बच्चों की पढ़ाई के लिए चिंताग्रस्त हैं, गांवों में प्रकाश की व्यवस्था पूरी तरह नहीं हो पाई है। ग्रामीणों के मुताबिक, चिराग जलाने पड़ते हैं। पशुपालकों के लिए चारा-दाना की दिक्कत है।
बैराजों से कम पात्रा में पानी छोड़े जाने से मंगलवार को गंगा नदी का जलस्तर फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर 136.85 मीटर गेज पर आया गया है, हालांकि अभी चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर से ऊपर ही है। राजघाट पर पानी 125.80 मीटर पर आ गया है, यह चेतावनी बिंदु को छू रहा है। गंगा नदी में नरौरा बैराज से 62,398 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। रामगंगा नदी का पानी शाहजहांपुर के हुल्लापुर घाट पर 136.85 मीटर पर आ गया है। गर्रा नदी का पानी शाहजहांपुर के मुमोक्ष आश्रम घाट पर 146.05 मीटर गेज और सांडी में केंद्रीय जल आयोग की साइट पर 129.73 मीटर पर आ गया है। गर्रा नदी में पीलीभीत के ड्यूनी बैराज से 1,298 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिलाधिकारी अनुनय झा के मुताबिक, नदियों का पानी कम होने से बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में हैं। शाहाबाद, सवायजपुर और बिलग्राम में प्रभावित परिवारों को लगातार पका-पकाया भोजन और राशन किट का वितरण कराया जा रहा है।
विज्ञापन

-
गर्रा नदी में मगरमच्छ दिखने से दहशत
सांडी। क्षेत्र के बरौलिया गांव के पास गर्रा नदी में मंगलवार की शाम एक मगरमच्छ दिखाई दिया। पानी में तैरता हुआ मगरमच्छ देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। नदी में तैरता दिखाई देने पर मगरमच्छ लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है। इससे आसपास के गांवों में दहशत है। इससे पहले सुखेता पुल पर भी मगरमच्छ देखे जाने से ग्रामीणों में पहले से ही भय बना हुआ है। वन विभाग के रेंजर प्रफुल्ल वर्मा ने बताया कि टीम मौके पर गई है। मगरमच्छ की तलाश कराई जा रही है।
-
सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ : राम बहादुर सिंह
हरपालपुर। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पीसीएस निदेशक कुंवर रामबहादुर सिंह ने मंगलवार को बेड़ीजोर, दहेलिया, सुलाखमऊ, आलमपुर, बेसहारा समेत कई गांवों में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं जानीं। कहा कि बाढ़ की मुश्किल घड़ी में भाजपा सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ है। तहसील प्रशासन के अधिकारी लगातार प्रभावित इलाकों में पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। जिन किसानों की फसलें बाढ़ के पानी से प्रभावित हुई हैं। उनका सर्वे कराकर नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। कई लोगों ने राहत सामग्री न मिलने की बात कही। इसके लिए तहसील के अफसरों से बात कर जल्द राहत सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर अरविंद मिश्रा, अमित श्रीवास्तव, उवैस आलम पम्मी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें