जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए शनिवार को
विकास भवन में शासी निकाय की बैठक आयोजित हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष कामिनी
अग्रवाल ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधूरे पड़े कार्यों को पूरा
कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के ऐंचामऊ पुल के क्षतिग्रस्त होने के
संबंध में एक माह में स्टीमेट तैयार कराने के
निर्देश दिए।
किसानों की सिंचाई की समस्या का भी निस्तारण करने को शासन
को पत्र भेजने के निर्देश दिए। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के तत्वावधान
में विकास भवन में आयोजित शासी निकाय की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष
कामिनी अग्रवाल ने विभागावार विकास कार्यों की समीक्षा की।
जिला पंचायत
अध्यक्ष ने कहा कि सभी अधिकारी बैठक में पूरी तैयारी के साथ आएं, ताकि जन
प्रतिनिधियों की समस्याओं का निराकरण किया जा सके। जनप्रतिनिधियों द्वारा
जो भी मामले उठाए जाते हैं, उनका निस्तारण संबधित अधिकारी व्यक्तिगत रुचि
लेकर कराएं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में डीसी एनआरएलएम
राजेश त्रिपाठी ने 727 महिला स्वयं सहायता समूहों के लक्ष्य के विपरीत 724
समूहों के गठन की बात कही, जिसमें 559 समूहों की प्रथम ग्रेडिंग कर
रिवाल्विंग फंड 15 हजार रुपये प्रति समूह की दर से समूह के खाते में भेजने
की बात बताई गई।
इंदिरा आवास की समीक्षा में परियोजना निदेशक शंकर लाल
त्रिपाठी ने 17,772 आवासाें की प्रथम किश्त जारी करने तथा गत वर्ष के 4,949
आवास पूर्ण होने की जानकारी दी।
लोहिया आवासों में 3701 लक्ष्य के सापेक्ष
3315 आवासों की प्रथम किश्त तथा 190 को द्वितीय किश्त देने की बात कही,
जबकि संस्था से तीस हजार रुपये से सोलर लाइट लगाने की जानकारी दी।
जनप्रतिनिधियों ने भरखनी रजबहा में पानी न होने की बात कही।
शाहजहांपुर के
जिल्लेदार ने बताया कि पानी कम होने की वजह से पानी नहीं है, ऐसे में जिला
पंचायत अध्यक्ष ने शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। एेंचामऊ के
क्षतिग्रस्त पुल का मुद्दा उठने पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिशासी अभियंता
शारदा नहर को एक माह में स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने
हरिहरपुर विद्युत उपकेंद्र तथा 132 केवी बघौली पावर हाउस के अधूरे निर्माण
कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुुख्य विकास अधिकारी संदीप
कौर, जिला विकास अधिकारी श्रीनिवास मिश्र सहित जिला स्तरीय अधिकारी और
जनप्रतिनिधि मौजूद थे।