-साइबर थाने की पुलिस ने दोस्त समेत पकड़ा- तीन मोबाइल फोन और 49 हजार रुपये भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के चठिया गांव में छात्र ने अपने दो दोस्तों की मदद से ताऊ का सिम पोर्ट करा लिया। सिम पोर्ट कराने के बाद यूपीआई जनरेट कर ली। चार अलग अलग जनसेवा केंद्रों से ताऊ के खाते से एक लाख से अधिक रुपये निकाल लिए। पुलिस ने छात्र और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। एक साथी की तलाश भी है। गिरफ्तार हुए दोस्तों के पास से 49 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।
चठिया निवासी हरिनाम सिंह ने 25 जनवरी को साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि किसी ने उसके बैंक खाते से साइबर ठगी कर 1,05,550 रुपये निकाल लिए। साइबर थाने के प्रभारी निरीक्षक वहीद अहमद और उपनिरीक्षक विश्वास शर्मा ने मामले की जांच शुरू की। इसके बाद मिली अहम जानकारी के आधार पर हरिनाम सिंह भतीजे अतुल और पाली थाना क्षेत्र के सलोनी निवासी सैमुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 49 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि अतुल ने अपने ताऊ हरिनाम सिंह सैमुद्दीन की मदद से पोर्ट करा लिया था। इसके बाद यूपीआई बनाकर उसने रुपये निकाल लिए थे।