भरावन। सीतापुर के प्रथम पड़ाव कुरौना पर रविवार की रात विश्राम करने के बाद पौराणिक 84 कोसीय परिक्रमा यात्रा में शामिल राम दल सोमवार को कैलाश आश्रम होते हुए जनपद में प्रवेश करेगा। यात्रा जनपद के पहले पड़ाव स्थत हर्रैया पहुंचेगी। यहां यात्रा का स्वागत फूलों से होगा।
यात्रा के आगमन, उसकी सुविधा व सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से खासे इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की ओर से यात्रा के आगमन व स्वागत के लिए गेट बनवाया गया है। गेट पर ही अधिकारी व क्षेत्र के संभ्रांत लोग फूल मालाओं के साथ परिक्रमार्थियों का स्वागत करेंगे। ठहराव वाले स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटें
लगवाई गई हैं। ठहराव वाले स्थान व मेला स्थल पर जाने के दौरान लोगों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए चूना डालने के साथ ही संकेतक लगवाए गए हैं। जल व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए टैंकर खड़े कराए गए हैं। रविवार को पूरा दिन अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देते रहे।
पहले पड़ाव हर्रैया से कल्यानमल की बीच की सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गई थी। सोमवार को यात्रा जिले में प्रवेश करेगी और इसी मार्ग से आगे बढ़ेगी। इसी को लेकर प्रशासन ने आनन फानन में जर्जर सड़क का नए सिरे से डामरीकरण करा दिया है। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान काफी राहत मिलेगी।
पड़ाव पर मेला व ठहराव स्थल होने व आसपास भी लोगों के रुकने के दृष्टिगत किसानों ने खुद ही आसपास के खेतों में खड़ी व सरसों की हरी फसल को काटकर/जोतकर खेत को मैदान कर दिया है। हर्रैया निवासी किसान राजेश व बालमुकुंद ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की 84 कोसीय परिक्रमा पर अगाध श्रद्धा है। परिक्रमार्थियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए किसान स्वयं यात्रा के रास्ते में आने वाले खेतों को खाली कर देते हैं। इस बार भी किसानों ने खेतों को मैदान में तब्दील कर दिया है।
यात्रा के दूसरे व जनपद के पहले पड़ाव हर्रैया को सीतापुर की सीमा पर स्थित गोमती नदी में साधु-संत व श्रद्धालु यात्रा के दौरान स्नान करते हैं। इस बार प्रशासन की ओर से अन्य इंतजाम तो पूरे कर लिए गए हैं, लेकिन गोमती नहीं में पड़ी काई का सफाई नहीं कराई है। इससे श्रद्धालुओं व साधु संतों को खासी परेशानी होगी।
मेले में तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल
थाना प्रभारी अतरौली सोनू राजौरा बताया पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर गंगा प्रसाद यादव को जिले में मेला व परिक्रमा यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है। जिले से सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। पुलिस बल पड़ाव स्थल, मेला स्थल, आगमन द्वार व रास्ते में जगह जगह मौजूद रहेगा।
फोटो-13- यात्रा के स्वागत के लिए जनपद में प्रशासन की ओर से बनवाया गया स्वागत द्वार। संवाद- फोटो : HARDOI
फोटो-14- हर्रैया पड़ाव स्थल के पास पोल पर लाइट लगाता विद्युत कर्मी। संवाद- फोटो : HARDOI
फोटो-15- हर्रैया कल्यानमल के बीच सड़क का कराया गया डामरीकरण। संवाद- फोटो : HARDOI