हरदोई। लॉकडाउन के दौरान सरकार ने पंजीकृत श्रमिकों को निशुल्क राशन वितरित किए जाने का आदेश दिया है। प्रशासन की ओर से इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में कोटे की दुकानों से राशन का वितरण शुरू हो जाएगा।
डीएसओ संजय पांडेय ने बताया कि अंत्योदय अन्न योजना के कार्डधारकों को पूर्व निर्धारित प्रति यूनिट पांच किलो (तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल) की दर से राशन निशुल्क मुहैया कराया जाएगा। वहीं उन पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को भी राशन निशुल्क दिया जाएगा, जिनके मुखिया मनरेगा कार्डधारक, श्रम विभाग से पंजीकृत श्रमिक हैं।
ऐसे कार्डधारकों को राशन लेते वक्त श्रमिक पंजीकरण संख्या का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। बताया कि सभी कार्डधारकों को ई पॉस मशीन के जरिये ही राशन वितरण किया जाएगा। कोरोना से बचाव को सभी कोटेदारों को साबुन व सैनिटाइजर की व्यवस्था कराई गई है। कोटेदारों को सोशल डिस्टेंसिंग फार्मूला अपनाने व कार्डधारकों के हाथ को अच्छी तरह साफ कराने के बाद ही मशीन का इस्तेमाल करने के लिए निर्देशित किया गया है।
डीएसओ ने बताया कि जल्द ही एक किलोग्राम दाल प्रति कार्डधारक की दर से वितरित की जाएगी। जिले को दाल का आवंटन कर दिया गया है, उठान होने पर दाल का वितरण शुरू कराया जाएगा। डीएसओ संजय पांडे ने बताया कि नगर क्षेत्र के कार्डधारकों को कोटेदार के मोबाइल नंबर पर कॉल कर राशन की बुकिंग कराने की सुविधा दी गई है। कोटेदार के माध्यम से डोर टू डोर राशन पहुंचाने की व्यवस्था भी कराई जा रही है। डीएसओ ने बताया कि जो पात्र गृहस्थी कार्डधारक पंजीकृत श्रमिकों की श्रेणी से बाहर हैं, उन्हें राशन का निर्धारित मूल्य चुकाना होगा।