हरदोई। शहर के मोहल्ला अशराफ टोला में 24 घंटे जलापूर्ति की सुविधा के लिए चल रहा भूमिगत पाइपलाइन बिछाने का काम बारिश ने रोक दिया है। पाइपलाइन डालने और कनेक्शन के लिए खोदे गए गड्ढे खुले पड़े हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भरने से लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।
अमृत योजना में नगर पालिका परिषद के मोहल्ला अशराफ टोला में 24 घंटे जलापूर्ति के लिए काम कराया जा रहा है। जल निगम नगरीय की तरफ से मोहल्ले में गलियों और सड़कों की खोदाई की जा रही है। खोदाई कराकर भूमिगत पाइपलाइन डालने और कनेक्शन किए जाने का काम किया जाना है। मोहल्ले में कई स्थानों पर पाइपलाइन डालने के लिए नालियों को खोदने के बाद दोबारा से बराबर न किए जाने से लोगों को दिक्कतें हैं। वहीं घंटाघर रोड से सिनेमा रोड को जोड़ने वाली गली में भी काम कराया जा रहा था।
गली में गड्ढे और नाली आदि खोदे जाने के कराए जा रहे काम को बृहस्पतिवार रात से शुरू हुई बरसात के कारण रोक दिया गया है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं मौसम विभाग की तरफ से जारी अलर्ट में मौसम साफ न होने पर काम कई दिन तक काम बंद रहने की आशंका है।
मोहल्ला अशराफ टोला में जल निगम नगरीय की तरफ से काम कराया जा रहा है, इसकी जानकारी है। इधर, बारिश के कारण काम को रोक दिए जाने से कई स्थानों पर गड्ढे खुले हैं, वहां पर चेतावनी बोर्ड लगवाए गए हैं। जल निगम के अभियंता से कहा गया है कि खोदाई के बाद सड़क को दोबारा से बराबर कराएं। -रामेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका