हरदोई। सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के खिलाफ बुधवार को रेलवे कर्मचारियों ने प्लेटफार्म नंबर एक पर धरना प्रदर्शन किया। रेलवे कर्मचारियों ने सातवें वेतन आयोग में खामियों को बताकर उन्हें दूर करने की मांग के साथ हड़ताल की चेतावनी दी। जबकि हड़ताल के समर्थन में अगले माह में दो दिवसीय मतदान कराने की बात कही। रेलवे कर्मियों ने सिफारिशों के खिलाफ मोटर साइकिल जुलूस निकाल कर भी नाराजगी जताई।
नार्दन रेलवे मेंस यूनियन के बैनर तले धरने पर बैठे रेलवे कर्मचारियों ने सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों में खामियां होने की बात कही। शाखा अध्यक्ष शैलेश कुमार तिवारी ने कहा कि आल इंडिया रेलवे फेडरेशन महामंत्री शिव गोपाल मिश्र के आह्वान पर सातवें वेतन आयोग के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। रपट की खामियां के खिलाफ केंद्रीय कर्मचारियों और रेल कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर 19, 20 और 21 जनवरी को सभी रेलवे स्टेशन और प्रतिष्ठानों पर आंदोलन किया जा रहा है।
कहा कि सातवें वेेतन आयोग के सिफारिशों से कर्मचारियों को काफी समस्याएं आ रही हैं जिसका निस्तारण किया जाना आवश्यक है। धरने के बावजूद यदि उनकी मांगे नहीं मानी जाती हैं तो वह लोग हड़ताल करेंगे, जिसके लिए 11 और 12 फरवरी को हड़ताल के समर्थन में मतदान किया जाएगा।
मतदान के बाद मार्च में हड़ताल की जाएगी। रेलवे कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन के बाद मोटर साइकिल जुलूस निकाल कर नाराजगी व्यक्त की। धरने पर आरसी सिंह, एसके श्रीवास्तव, आनंद मिश्रा, एके श्रीवास्तव, लाल सिंह, राजेश कुमार सिंह, एपी त्रिपाठी, काली प्रसाद, हरिद्वारी लाल, सुभाष अवस्थी आदि मौजूद रहे।