हरदोई। रेलवे अफसरों की उदासीनता से कालोनी में रह रहे कर्मचारी समस्याओं से जूझ रहे हैं। आलम यह है कि यहां बने करीब आधा सैकड़ा आवासों में अधिकांश की खस्ताहाल छतें से बारिश में टपक रहीं है। जिसके कारण परिवार के लोगों को रात गुजारना मुश्किल हो रहा है। शिकायत के बाद भी समस्याओं का निस्तारण नहीं कराया जा रहा है।
स्थानीय रेलवे स्टेशन के पश्चिम दिशा में ओवर ब्रिज के पास कर्मचारियों के लिए कालोनी बनी हैं। वर्षों पहले बने यहां बने 50 आवासों में अधिकतर जर्जर हालत में हैं। इनमें कर्मचारी परिवार के सदस्यों के साथ रहते हैं। इनके आवागमन के लिए परिसर के दाहिने तरफ को जाने वाला आधा रास्ता पक्का और आधे पर खड़ंजा लगा है। अब यह खड़ंजे र्की इंटे भी उखड़ने लगी हैं। ऐसे में थोड़ा चूकने पर ठोकर लगने की आशंका बनी रहती है। अधिकतर जर्जर क्वार्टरों के आगे पड़ी टीन शेड टूट गए हैं। बरसात के पानी निकासी की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। इस वजह से बरसात होने पर पानी क्वार्टरों के अंदर तक भर जाता है।
छत से टपक रहा पानी
रेलवे विभाग में टेलीकाम विभाग की कर्मचारी राधिका ने बताया कि बरसात होने पर उनके क्वार्टर की छत से पानी टपकता है। पानी की निकासी का कोई रास्ता नहीं होने के कारण क्वार्टर के अंदर तक पानी भर जाता है जो कि घंटो बाद ही निकल पाता है। इस संबंध में अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए, सुनवाई नहीं हुई।
पेयजल की व्यवस्था ठीक नहीं
रेलवे कर्मचारी रामवीर की पत्नी संगीता ने बताया कि बरसात में छत से पानी टपकता है। जबकि पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। कई बार पीने क ा पानी लेने के लिए रेलवे स्टेशन पर जाना होता है। जबकि रास्ते का खड़ंजा उखड़ा है, जिससे बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं।
समस्याओं के संबंध में रेलवे मेंस यूनियन की तरफ से डीआरएम को ज्ञापन सौंपा गया था। अभी इस संबंध में उन्हें कोई निर्देश नहीं मिले हैं।- रामरतन सिंह, स्टेशन अधीक्षक