सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी को वापस
लेने समेत कई मांगों को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और
कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और गवर्नर को
संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन
के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शशिभूषण शुक्ल ने कहा कि सरकार
द्वारा बढ़ाए गए विद्युत मूल्य को वापस लिया जाए। कहा कि सूखा एवं
ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया है, जो
अनुचित है। उन्होंने शीघ्र ही प्रभावित किसानों को आपदा राशि देने की मांग
की।
इसके अलावा उन्होंने सूखा एवं ओलावृष्टि से प्रभावित होकर जिन किसानों
की जान गई है, उन परिवारों को सरकार द्वारा मुआवजा देने की भी मांग की। कहा
कि खरीफ फसल की बुआई के लिए किसानों को सरकार द्वारा नि:शुल्क बीज एवं
कीटनाशक दवाइयां देने की घोषणा की गई थी जो हवा हवाई साबित हो रही है।
किसानों को नि:शुल्क बीज एवं कीटनाशक दवा उपलब्ध कराए जाएं। शहर
अध्यक्ष ने कहा कि जनपद की अधिकतर ग्राम पंचायतों में आगामी पंचायत चुनावों
के चलते प्रधान और पंचायत सचिव द्वारा धांधली एवं भ्रष्टाचार करते हुए
इंदिरा आवास एवं लोहिया आवासों के लिए सरकारी मानकों में पात्र व्यक्तियों
को लाभ न देकर अपात्र व्यक्तियों को धन उगाही करके लाभ दिया जा रहा, जो गलत
है।
इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद एक ज्ञापन
सिटी मजिस्ट्रेट पीसी श्रीवास्तव को सौंप कार्रवाई की मांग की। दिए गए
ज्ञापन में उक्त के अलावा अघोषित बिजली कटौती को तत्काल बंद कराने की
मांगें भी शामिल हैं। इस मौके पर सरोज सिंह, इसलाम गाजी, उमेश शुक्ला,
हरिओम त्रिपाठी, आशीष सिंह, अंकित कुमार, मुस्तफा, रवींद्र मिश्र और विजय
कुमार आदि मौजूद थे।