हरदोई। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह और लाभ लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) की बैंक कर्मियों ने मांग दोहराई। ड्यूटी के दौरान काले कपड़े पहने और विरोध प्रदर्शन किया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंक कर्मियों ने शनिवार को ड्यूटी के समय काले कपड़े पहने। मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह और पीएलआई में भेदभाव को लेकर देशव्यापी विरोध जारी है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के स्थानीय संयोजक और एआईबीईए नेता राकेश पांडेय ने बताया कि माह के पहले और तीसरे शनिवार को ब्लैक बैज लगाकर ड्यूटी की गई। इस शनिवार को ड्यूटी पर काले कपड़े पहन कर विरोध जताया गया है। विरोध प्रदर्शन में सभी बैंकों के कर्मचारी शामिल रहे।