फोटो-40-पशुधन प्रसार अधिकारी विनोद वर्मा को ज्ञापन देते यूनियन के पदाधिकारी। संवाद
नायब तहसीलदार को ज्ञापन देने से इनकार, पशुधन प्रसार अधिकारी को दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भरावन। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (सर्व समाज) के बैनर तले कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भटपुर में धरना देकर प्रदर्शन किया। ज्ञापन लेने पहुंचीं संडीला की नायब तहसीलदार आकांक्षा जोशी को ज्ञापन देने से इनकार कर दिया गया। बाद में पशुधन प्रसार अधिकारी विनोद वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि भटपुर में निर्मित गो संरक्षण केंद्र का संचालन शुरू कराया जाए। निराश्रित मवेशियों को दो दिन के अंदर गोशालाओं में भेजा जाए।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुशील सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए सदैव तत्पर रहेेंगे। जिलाध्यक्ष सुनील कुमार तिवारी ने दावा किया कि निराश्रित गोवंशों के कारण 800 बीघा खेतों में किसानों ने फसल की बुवाई नहीं की है। भटपुर, कटका, हाजीपुर, पिपरी नरायनपुर, छावन, श्यामदासपुर आदि गांवाें में बड़ी संख्या में निराश्रित मवेशी हैं। कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेने पहुंचीं नायब तहसीलदार आकांक्षा जोशी को ज्ञापन ही नहीं दिया गया। कहा गया कि पूर्व में उनको ज्ञापन दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसका महत्व ही नहीं समझा। ज्ञापन देने के दौरान गुलाब तिवारी, शिवलाल मौर्य, मलिक शुक्ला आदि मौजूद रहे।