प्रतापनगर। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के नयागांव देवरिया में संदिग्ध हालात में युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया और शव उतरवाने से इनकार कर दिया। खबर लिखे जाने तक परिजन सीओ को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे।
नयागांव देवरिया निवासी सुनील (35) खेती करता था। दोपहर में वह घर से बिना कुछ बताए चला गया था। देर शाम उसका शव मकान के पीछे स्थित खेत में लगे आम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के फंदे से लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पिता शंकरलाल परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पर पुलिस भी पहुंची,लेकिन परिजनों ने शव फंदे से नहीं उतारने दिया। शंकरलाल ने गांव के ही एक शख्स पर सुनील को घर से ले जाकर शराब पिलाने और इसके बाद हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया है। परिजन सीओ को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे।