कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन करते बावन के ग्राम भीखपुर के ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाकर भीखपुर गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप कार्रवाई कराए जाने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए ग्रामीण धीरेंद्र सिंह, आशाराम आदि ने कहा कि उनके गांव में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। गांव के लोग चकबंदी प्रक्रिया से मानसिक रूप से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में चकबंदी की कोई आवश्यकता नहीं है। जो काश्तकार हैं उनके सीमित चक रकवे के आधार पर बने हुए हैं। गांव में तालाब, नाली, चकरोड, मरघट, धोबी घाट, आवासीय आबादी आदि के लिए पर्याप्त भूमि आज भी मौके पर है।
ग्रामीणों ने आरोप है कि चकबंदी प्रक्रिया भी निष्पक्ष नहीं की जा रही है। सुविधा शुल्क देने वालों का ही ध्यान रखा जा रहा है जबकि गरीब काश्तकारों के साथ छलावा किया जा रहा है। उन्हें बंजर ऊसर भूमि थमाई जा रही हैं। इस दौरान किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया व जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन को सौंप चकबंदी रोके जाने की मांग की। इस मौके पर रामशंकर, नन्हे सिंह, अमर सिंह, बाबू सिंह, श्याम पाल सिंह, गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।