हरदोई। जिले के रोडवेज बस स्टेशन के पास से ही निजी बस अड्डों और टैक्सी स्टैंडों का धड़ल्ले से संचालन हो रहा है। रोडवेज के नियम के अनुसार एक किमी. परीधि में कोई निजी बस अड्डा नहीं होना चाहिए। स्टेशन के निकट से बस अड्डे संचालित होने से आय प्रभावित हो रही है। रोडवेज में कार्यरत कर्मचारियों में भी कार्रवाई न होने से असंतोष बढ़ रहा है।
रोडवेज की बसों के लिए स्टेशन जिला मुख्यालय पर नुमाइश चौराहा अब अटल चौराहा के पास स्थित है। बस स्टेशन से जिले के अलग-अलग रूटों पर बसें संचालित हो रही हैं। रोडवेज की बस स्टेशन से महज 100 मीटर दूर से निजी बस के अड्डे भी संचालित हो रहे हैं।
पिहानी, उन्नाव के निजी बस अड्डों के संचालन के अलावा अटल चौराहे पर शहर कोतवाली से 100 मीटर दूर अवैध ढंग से फुटपाथ के किनारे से सांडी व बावन के लिए टैक्सी स्टैंड भी संचालित हो रहा है। रोडवेज बस स्टेशन के पास से निजी बस अड्डों और टैक्सी स्टैंड संचालित होने से तमाम यात्री निजी बसों से चले जाते हैं। ऐसे में रोडवेज की आय भी प्रभावित हो रही है। साथ ही रोडवेज कर्मचारियों में भी बस स्टेशन के निकट अड्डा संचालित होने से नाराजगी है।
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी कल्याण संघ की ओर से इसके लिए बाकायदा स्थानीय अधिकारियों को पत्र देकर बस अड्डे हटवाने की मांग भी की है। फिर भी स्थिति अभी भी वैसी ही है। क्षेत्रीय प्रबंधक एमएल केसरवानी के अनुसार संगठन के लोगों ने शिकायत की है। इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
संगठन ने दिया आंदोलन का नोटिस
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष बीके त्रिपाठी ने बस स्टेशन के पास संचालित हो रहे अड्डों को हटवाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने 26 बिंदुओं पर मांगों को बताते हुए मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री समेत विभाग के आला अफसरों को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। क्षेत्रीय मंत्री शंकर लाल अग्रवाल ने कहा कि संगठन ने फैसला किया है कि 19 जून तक मांगों पर कार्रवाई न हुई तो वह लोग 20 जून को हरदोई के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।