हरदोई। महंगाई की मार से पहले से परेशान मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। अब सरसों के तेल और नमक के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। इससे रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। सरसों तेल के भाव 190 से बढ़कर 210-220 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं। वहीं पिसा नमक भी 30 से बढ़कर 34 रुपये तक हो गया है। इसके अलावा जीरा, धनिया और हल्दी की कीमतों में भी तेजी आई है।
रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाली हल्दी, धनिया, जीरा, सरसों के तेल, काली मिर्च, इलायची और लौंग आदि जरूरी चीजों के महंगे होने का सीधा असर आम परिवारों की जेब पर पड़ रहा है। मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए अब महीनेभर का राशन जुटाना कठिन होता जा रहा है। कीमतों में बढ़ोतरी ने अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। गृहस्थी चलाने के लिए परिवारों को अब रसोई की सामग्री पर पहले से अधिक खर्च करना पड़ेगा।
-
रसोई की प्रमुख सामग्री की कीमतों पर एक नजर
सामग्री : कीमत पहले : कीमत अब रुपये में
सरसों का तेल एक लीटर : 190-200 : 210-220
जीरा : 320 प्रति किलोग्राम :340 : 400
लौंग : 1200 : 1400
काली मिर्च : 800 : 950
हल्दी : 220-250 : 300-350
धनिया : 180-200 : 240-260
मिर्च : 280-300 : 360-400
हरी इलायची : 4000-4500 : 4500-5500
पिसा नमक : 30 : 34
-
एकदम से आया उछाल
सदर बाजार के गायत्री किराना स्टोर के संचालक मयंक गुप्ता उर्फ चंदन के मुताबिक थोक में कीमत बढ़ने से खुदरा मूल्य में अपने आप बढ़ोतरी हो जाती है। इधर सरसों के तेल और नमक के साथ हल्दी, धनिया और जीरा के भी भाव चढ़े हैं।
-
रेलवेगंज के किराना कारोबारी भास्कर गुप्ता ने बताया कि किराना से जुड़ी सामग्रियों के भाव में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में खुदरा बाजार में किचन से जुड़ी करीब-करीब सभी सामग्रियों की कीमतों में एकदम से उछाल आया है।
फोटो 25: दुकान पर बिक्री के लिए रखा जीरा और सरसों का तेल का पैकेट। संवाद
फोटो 25: दुकान पर बिक्री के लिए रखा जीरा और सरसों का तेल का पैकेट। संवाद