मदरसा अनवारुल उलूम में मौलाना अब्दुल वली व अन्य से चर्चा करते कोतवाल अमरजीत सिंह। संवाद न्यूज एज?
- फोटो : HARDOI
नागरिकता संशोधन कानून पर भ्रम की स्थिति खत्म करने और शांति व सद्भाव कायम रखने की कवायद में आला अफसर जुटे हैं। रविवार को बिलग्राम कोतवाली पुलिस ने यहां के मदरसों में जाकर शांति बनाए रखने के लिए फूल भेंट कर आभार जताया। साथ ही कोतवाल ने कहा कि भारत के किसी भी नागरिक को इस कानून से भयभीत होने की जरूरत नहीं है।
बिलग्राम कोतवाल अमरजीत सिंह रविवार को मदरसा अनवारुल उलूम पहुंचे। उन्होंने मौलाना अब्दुल वली व मौलाना गुफरान सहित मदरसे के जिम्मेदार लोगों के बातचीत की। सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने के लिए फूल भेंट किए। यहां के बाद कोतवाल ने सैय्यद बादशाह हुसैन के आवास पर पहुंच कर शांति व सद्भाव बनाए रखने के लिए फूल भेंट किया।
माधौगंज में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भ्रम दूर करने के लिए पुलिस ने मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ थाने में बैठक की। इस दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक आरके तिवारी ने कहा कि नागरिकता कानून देश के किसी भी व्यक्ति को प्रभावित नहीं करेगा।
साथ ही किसी के बहकावे में आकर कानून को हाथ में लेने की गलती न करने की नसीहत दी। बैठक में मौलाना अब्दुल अब्बार ने पुलिस को आश्वासन देते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं माहौल खराब नहीं है। सभी लोग भाईचारे के साथ रह रहे हैं।
इस मौके पर मौलाना अब्दुल लतीफ, मोहम्मद मुमताज, मोहम्मद अहमद, हबीबुलरहमान व कासिम हाफिज आदि मौजूद रहे।
हरदोई के माधौगंज में मुस्लिम समाज प्रबुद्ध जनों के साथ बैठक करती पुलिस। संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : HARDOI