हरियावां। आठ माह की गर्भवती की हालत मायके में बिगड़ गई। मायके पक्ष के लोग उसे जिला अस्पताल ले गए। यहां महिला की मौत हो गई।
शव लेकर घर पहुंचे परिजनों ने ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हरियावां थाना क्षेत्र के उमरसेड़ा गांव निवासी अनुराधा (20) की शादी एक वर्ष पहले पिहानी कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ागांव निवासी आकाश के साथ हुई थी। शादी के सात माह बाद ही अनुराधा का ससुराल में विवाद हो गया। इसके बाद से वह मायके में रह रही थी। वह गर्भवती थी। एक सप्ताह पहले अनुराधा की तबीयत खराब हो गई थी। इसकी जानकारी मायकेवालों ने उसके पति आकाश को दी थी, लेकिन ससुरालीजन नहीं आए।
इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने अनुराधा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि ससुरालियों ने सात माह पहले गर्भवती अनुराधा को पीटा था। इसके कारण ही गर्भ में पल रहे बच्चे को परेशानी हुई और अब अनुराधा की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष भावना भारद्वाज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।