बेहटा गोकुल। ड्यूटी से घर जा रहे पीआरडी जवान को डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बावन ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
दलेलनगर निवासी लाल मोहम्मद (50) पीआरडी जवान थे। इन दिनों उनकी तैनाती शाहाबाद कोतवाली में थी। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे कोतवाली से ड्यूटी करके वह बिक्की से गांव जा रहे थे। इस दौरान सांडी-शाहाबाद मार्ग पर वाकरनगर के पास लकड़ी से भरी डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी बावन पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान डीसीएम पेड़ से टकरा गई। चालक डीसीएम मौके पर छोड़कर भाग निकला। मृतक के पुत्र इस्लाम मोहम्मद ने डीसीएम चालक के खिलाफ तहरीर दी है।