खंड विकास अधिकारी और ग्राम प्रधानों के बीच चल रही तकरार थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को हुई प्रधान संघ की बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 सितंबर तक खंड विकास अधिकारी का तबादला नहीं हुआ तो सभी प्रधान ब्लाक मुख्यालय पर अनशन शुरू कर देंगे। इस संबंध में प्रधान संघ की ओर से एक पत्र भी जिलाधिकारी को भेजा गया है।
खंड विकास अधिकारी वंदना जौहरी के विरोध में इन दिनों पूरे ब्लाक के ग्राम प्रधान लामबंद हैं। प्रधानों का आरोप है कि बीडीओ उनको सम्मान नहीं देती हैं। ब्लाक परिसर में प्रधानों के बैठने के लिए कोई स्थान नहीं है। इसके अलावा प्रधानों से अभद्रता करने का आरोप भी खंड विकास अधिकारी पर है। प्रधान संघ के अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह हिमालय की मौजूदगी में सोमवार को प्रधान संघ की बैठक हुई। हिमालय सिंह ने बताया कि सर्वसम्मति से तय किया गया है कि अगर जिला प्रशासन ने अगले एक सप्ताह के अंदर बीडीओ का तबादला नहीं किया तो 25 सितंबर से क्षेत्र के सभी प्रधान ब्लाक गेट पर ताला डालकर यहीं आमरण अनशन भी करेंगे। बैठक में प्रधान संजीव सिंह, अरविंद यादव, श्यामवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, अवधेश सिंह, रामशंभू यादव, मुकेश बाजपेई आदि मौजूद रहे।