हरदोई। सड़क चौड़ीकरण के कार्य के चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पटरी से उतर गई। चौड़ीकरण के दौरान पोल शिफ्टिंग और लाइन हटाने के चलते कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही जिससे करीब पांच हजार उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर के लखनऊ चुंगी से खेतुई गांव तक मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। मार्ग के चौड़ीकरण के कारण बिजली लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है। मंगलवार को भी बिजली लाइन पर काम होने के कारण 33 केवीए मन्नापुरवा उपकेंद्र के टाउन प्रथम फीडर की आपूर्ति दोपहर 12 बजे बंद कर दी गई। शाम छह बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
इससे फीडर से जुड़े लखनऊ मार्ग और आसपास के मोहल्लों की बिजली गुल रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिना किसी स्पष्ट समय-सारिणी के अचानक बिजली गुल होने से घरों में पानी की सप्लाई भी ठप हो गई। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों और परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को उठानी पड़ी। वहीं बाजार और छोटे प्रतिष्ठानों में कामकाज प्रभावित होने से व्यापारियों में भी नाराजगी दिखी।
उपभोक्ताओं का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं लेकिन विभाग को पहले से सूचना देनी चाहिए ताकि लोग पानी और जरूरी कामकाज का इंतजाम कर सकें। वहीं विद्युत उपकेंद्र कोयल बाग के अस्पताल रोड फीडर में तकनीकी खराबी के कारण आवास विकास के सी ब्लॉक की आपूर्ति बाधित रही।
इससे क्षेत्र के दो हजार उपभोक्ता दोपहर 12 बजे से छह बजे तक परेशान हुए। उपखंड अधिकारी कुलदीप शिवहरे ने बताया कि बिजली लाइन पर काम होने से समस्या आ रही है। जल्द ही इसका समाधान हो जाएगा।