= लखनऊ चुंगी से खेतुई तक चल रहा है मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य
हरदोई। लखनऊ चुंगी से खेतुई तक चलाए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण अभियान के तहत मंगलवार को भी हाईटेंशन और एलटी लाइनों की शिफ्टिंग का कार्य जारी रहा। इस दौरान सुरक्षा कारणों से शटडाउन की वजह से संबंधित इलाकों की आपूर्ति प्रभावित हुई।
33 केवीए मन्नापुरवा से जुड़े टाउन द्वितीय फीडर की आपूर्ति मंगलवार की सुबह दस बजे लाइन शिफ्टिंग के कारण बंद कर दी गई। बिजली पोल पर लाइन चढ़ने के लिए पूरे दिन बिजली कर्मी लगे रहे। बिजली न आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे क्षेत्र के तीन हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। बिजली न रहने के कारण लखनऊ चुंगी, खेतुई और आसपास के रिहायशी व व्यावसायिक क्षेत्रों के लोग परेशान हुए। सुबह से गुल हुई बिजली शाम तक न आने से घरों में लगे इनवर्टर और पेयजल सप्लाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई। दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हुआ। उपखंड अधिकारी कुलदीप शिवहरे ने बताया कि बिजली लाइन पर काम होने के कारण आपूर्ति बंद की गई थी। बिजली लाइन पर काम होने के उपरांत आपूर्ति बहाल करा दी गई है। (संवाद)