शहर में हो रही अंधाधुंध कटौती ने लोगों का हाल बेहाल
कर रखा है। पहले तो रोस्टिंग उसके बाद लोकल फाल्ट से बीते कुछ दिनों से
हाहाकार मचा है। बुधवार की रात को भी सांडी रोड उपकेंद्र क्षेत्र के
मुन्नेमियां चौराहा पर ट्रांसफार्मर खराब होने से शाम चार बजे से देर रात
11 बजे तक आपूर्ति नहीं मिली। जिससे गुस्साए लोगाें ने मुन्नेमियां चौराहे
पर जाम लगाया।
इस दौरान विद्युत कर्मी फाल्ट दुरुस्त करने आए तो लोगों
की उनसे झड़प हो गई और सीढ़ी को जलाने का प्रयास किया गया। जानकारी पर मौके
पर पहुंची पुलिस ने भीड़ तितर बितर किया और इसके बाद आपूर्ति सुधारी जा
सकी। ज्ञात हो कि सांडी रोड उपकेंद्र के बाबा मंदिर चौराहे से लेकर छोटा
चौराहा और मुन्नेमियां चौराहे की बिजली बुधवार शाम चार बजे रोस्टिंग के बाद
से गुल रही।
बताया जा रहा कि पहले तो जेई और उनकी टीम को फाल्ट ही ढूंढे
नहीं मिला। घंटों बाद फाल्ट मिला तो उसे दुरुस्त कराया गया, इसी बीच
जानकारी मिली कि मुन्नेमियां चौराहे पर ट्रांसफार्मर खराब हो गया है।
विभागीय कर्मी करीब नौ बजे ट्राली तो खड़ी कर गए, पर तार जोड़ने नहीं आए।
जिससे मुन्नेमियां चौराहे पर लोगों का गुस्सा बढ़ता गया।
रात करीब साढ़े
10 बजे बिजली विभाग के कर्मचारी सीढ़ी लेकर पहुंचे तो गुस्साए लोगाें ने
उनके साथ धक्का मुक्की शुरू कर दी और कुछ लोगाें ने सीढ़ी में आग लगा दी।
हालांकि, सीढ़ी पूरी तो नहीं जली, पर उसके बीच का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो
गया। जानकारी मिलने पर विभागीय अधिकारी व पुलिस कर्मियों के साथ कोतवाल भी
पहुंच गए।
पुलिस ने पहुंच कर लोगाें को तितर बितर किया, तब जाकर
ट्रांसफार्मर के तार जोड़े जा सके। इस बाबत एसडीओ सत्येंद्र पांडेय ने
बताया कि फाल्ट ढूंढने में समय लगने से ट्रांसफार्मर के तार जोड़ने में
देरी हुई।