संवाद न्यूज एजेंसी
भरावन। भटपुर-संडीला व कोथावां-माल मार्ग के गड्ढे राहगीरों के लिए सिरदर्द बन गए हैं। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। समय अधिक लगने के साथ ही हादसों की भी आशंका रहती है।
भटपुर से संडीला होते हुए कानपुर व कोथावां से माल होते हुए राजधानी लखनऊ जाने वाले मार्गों की बरसात ने सूरत ही बिगाड़ दी है। कई स्थानों पर मार्ग पर गहरे गड्ढों में तब्दील है। अतरौली-भटपुर मार्ग पर अतरौली, मानपुर पुलिया, जगसरा, कनौरा आंट, ढिकुन्नी, तकिया, मुसैला व कोथावां-माल मार्ग पर कसियापुर, भरावन, नेवादा, उबकवा, नरियाखेड़ा पर सड़क खस्ताहाल है।
वाहन बचके गुजरते हैं। ग्रामीण रामचंद्र ने बताया कि नेवादा चौराहा पर गहरा गड्ढा हो गया है। आए दिन वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं और वाहनों को क्षति पहुंच रही है। शिवबालक राठौर ने बताया कि जगसरा ढिकुन्नी के पास दो-दो फीट का गड्ढों के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ढिकुन्नी से बहुती, छावन से गौढ़ी, पत्थरताली से कौड़िया, मुड़ियाखेड़ा से लालपुर खाले, मीनापुर से राममदारपुर, राममदारपुर से जुगराजपुर तक मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे हो जाने से परेशानी हो रही है। बरसात ने खस्ताहाल मार्ग को और भी खस्ताहाल कर दिया है। लोक निर्माण के अवर अभियंता ने बताया कि मार्ग का सर्वे कराते हुए गड्ढामुक्त अभियान में मार्ग को शामिल किया गया है। जल्द ही काम कराया जाएगा।