कुछ इस तरह कलक्ट्रेट की दीवारों पर लिखे स्लोगन पर चस्पा किए गए पोस्टर। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सरकारी कार्यालयों की दीवारों पर बनाई गई स्वच्छता संबंधी पेंटिंग पर शहर की कई संस्थाओं ने प्रचार के पोस्टर चस्पा कर दिए। जिस पर जिलाधिकारी ने इन सभी संस्थाओं को नोटिस जारी कर इन्हें हटाने को तीन दिन का समय दिया है।
जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि कलक्ट्रेट, शहीद उद्यान एवं अन्य सरकारी भवनों की दीवारों पर नगर पालिका ने स्वच्छता अभियान के तहत कुछ समय पहले पेंटिंग बनवाई थीं। जिस पर करीब साढ़े चार लाख रुपये खर्च हुए थे। इनके ऊपर कुछ संस्थाओं ने अपने प्रचार के लिए पोस्टर लगा दिए। इसको लेकर कोई अनुमति नगर पालिका से नहीं ली गई।
वहीं दूसरी ओर सरकारी भवन की दीवारें भी इससे गंदी हो रही हैं। पोस्टर लग जाने के पेंटिंग खराब हो गईं हैं। जिससे सरकारी धन की हानि एवं नियमों का उल्लंघन हुआ है।
उन्होंने बताया कि मां वैष्णो स्क्रीन प्रिंटर्स नगर पालिका परिसर, मिश्रा कंप्यूटर्स एंड प्रिंटर्स हरदोई, कॅरिअर लांचर्स एकेडमी घंटाघर रोड, कोटा एकेडमी आवास विकास कालोनी, न्यू स्पीड कॉम्पटीशन क्लासेस बिलग्राम चुंगी, शारदा कॉम्पटीशन क्लासेस नुमाइश मैदान व लक्ष्य कॉम्पटीशन क्लासेस चर्च गेट के सामने को नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया गया है। यदि स्वयं इन संस्थाओं ने पोस्टर न हटवाए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी व सरकारी धन की वसूली की जाएगी।