स्टेशन रोड पर रोड नहीं तो वोट नहीं का पोस्टर लेकर खड़े लोग।
- फोटो : Samvad
अतरौली से स्टेशन मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। दस गांवों में जगह-जगह रोड नहीं तो वोट नहीं, 2024 के चुनाव बहिष्कार के बोर्ड टांग दिए गए हैं। इससे प्रशासन व जनप्रतिनिधि भी सकते में हैं।
अतरौली के पैंठ चौराहे से रायपुर स्टेशन तक अलीगढ़ की सीमा में व स्टेशन से पंड्रावल तक बुलंदशहर जिले की सीमा में रोड बदहाल है। रोड के चौड़ीकरण व पुन: निर्माण की ग्रामीण कई सालों से मांग करते आ रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे गांव बसईं, कासिमपुर, गदाईपुर, सिंधौरा, काजिमाबाद, शेरपुर, रायपुर मुजफ्ता, सहनौल समेत दस गांवों में लोगों ने रोड नहीं तो वोट नहीं, 2024 के चुनाव का पूर्ण बहिष्कार के बोर्ड टांग दिए हैं। ग्रामीणों ने इसे मुहिम बना लिया है। रविवार को अतरौली के बरी के अड्डे पर व काजिमाबाद में बरी के नीचे बैठक बुलाई है। जिसमें इसे जन आंदोलन बनाने की रणनीति बनाई जाएगी।
लखनऊ में पीडब्ल्यूडी मंत्री से मिले संदीप सिंह
अतरौली। स्टेशन मार्ग पर खंभों व विभिन्न गांवों में जगह-जगह चुनाव बहिष्कार के बोर्ड टांगे जाने सूचना को क्षेत्रीय विधायक व बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने भी गंभीरता से लिया है। शनिवार को वह लखनऊ में पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद से मिले।
संदीप सिंह ने बताया कि पैंठ चौराहे से रायपुर स्टेशन तक रोड के निर्माण की प्रक्रिया काफी पहले ही शुरू हो चुकी है। किन्हीं कारणों से इसके निर्माण में देरी होने से वह शनिवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद से मिले और इस रोड के निर्माण का अनुरोध किया। संदीप सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी मंत्री ने रोड पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया और अलीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों को फोन करके रोड संबंधी सभी जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूर्ण कर शासन को भेजने का निर्देश दिया है। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में कई अन्य संपर्क मार्गों के निर्माण व मरम्मत के प्रस्ताव कैबिनेट मंत्री को दिए।