हरदोई/बिलग्राम/भरावन। बैराज से छोड़े जाने वाले पानी के बावजूद जिले में नदियों का जलस्तर तेजी से कम होने लगा है। पानी कम होने के साथ ही प्रभावित गांवों में लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही हैं। पानी उतरने के बाद घरों और गांव में गंदगी और कीचड़ आदि के साथ ही बीमारियां और मच्छर आदि पनपने लगे हैं। वहीं अभी भी तहसील बिलग्राम और सवायजपुर के पांच गांवों की आबादी जलभराव से प्रभावित है।
जिले में गंगा, रामगंगा और गर्रा नदी के पानी में तेजी से कमी दर्ज की गई है। सोमवार को गंगा नदी में नरौरा बैराज से 46,446 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गंगा नदी का जलस्तर राजघाट पर 125.55 मीटर गेज पर आ गया है। रामगंगा नदी का पानी शाहजहांपुर के हुल्लापुर घाट पर 137.70 मीटर गेज, गर्रा नदी का पानी सांडी की केंद्रीय जल आयोग की साइट पर 129.94 मीटर गेज और शाहजहांपुर के मुमोक्ष आश्रम घाट पर 146.00 मीटर गेज पर आ गया है। तहसील बिलग्राम अखवेलपुर मलवा, सवायजपुर के कटरी छोछपुर, चंद्रमपुर, अरवल और सुरजूपुर दुर्जना गांव में जलभराव है। इससे आबादी प्रभावित है।
बिलग्राम क्षेत्र में गंगा और गर्रा का पानी घट रहा है। हालांकि अभी भी जरसेनामऊ से लेकर कुल्ली के आगे तक पानी ही पानी भरा हुआ है। राजघाट के आसपास कटरी का पूरा इलाका बाढ़ से जलमग्न है। गर्रा मे पानी घटने से चुन्नीपुरवा के ग्रामीणों राहत केंद्र से अपने गांव आ गए हैं। छिबरामऊ कटरी, जरसेनामऊ कटरी, बिलुही कटरी, महादेवा कटरी, बिछुइया कटरी समेत पूरा कटरी क्षेत्र जलमग्न है। इसके अलावा जरेला, पुन्ना पुरवा, मदारी पुरवा समेत आसपास जनजीवन प्रभावित है। ग्रामीण नाव से आवागमन कर रहे हैं। साफ पानी और बिजली की समस्या बनी हुई है। स्वास्थ्य व्यवस्था भी चरमराई है। एसडीएम एनराम और तहसीलदार दीपक गौतम ने बताया कि प्रभावित परिवारों को मदद दी जा रही है।
भरावन क्षेत्र में गोमती और सराय नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 30 गांव प्रभावित हैं। सोमवार को पानी घटने लगा है। गांवों की करीब 30 हजार बीघा फसल जलमग्न हो गई। संपर्क मार्ग पानी में डूबने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। तुलसीपुर के 86 परिवार अतरौली-भटपुर मार्ग किनारे त्रिपाल डालकर रह रहे हैं। बाढ़ पीड़ित गांवों में 12 दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। बाढ़ के कारण प्राथमिक विद्यालय कूड़ा, कटका, कटका खुर्द और तुलसीपुर बंद हैं।
बीईओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि पास के विद्यालयों में कक्षाएं संचालित कराई जा रही हैं। ब्लॉक प्रमुख विनोद सिंह तोमर ने प्रभावित परिवारों को मोमबत्ती पैकेट, मवेशियों के लिए हरा चारा और भूसा वितरित कराया। राकेश सिंह चौहान, अवध कुमार सिंह बागी ने कटका गांव में प्रभावित परिवारों को लंच पैकेट और पानी वितरित किया। पूर्व विधायक राजकुमार अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल और शिल्पा ने राशन किट वितरित की।