मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने आए सपा एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप व जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। कलक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन देने से पहले सपा एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम गिरने के बाद भी केंद्र सरकार पेट्रोल कंपनियों की मिलीभगत से लगातार तेल की कीमतें बढ़ा रही है। यह न्याय संगत नहीं है। केंद्र सरकार का यह फैसला जनविरोधी है। वहीं देर रात पूर्व सांसद, जिलाध्यक्ष समेत कई पर धारा 144 के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि 20 दिन में पेट्रोल पर 10 रुपये व डीजल पर 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। डीजल में बढ़ोतरी से मालवाहक वाहनों का भाड़ा बढ़ेगा। महंगाई की सीधी मार जनता पर पड़ेगी। सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू पटेल ने कहा कि देश की जनता व किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए डीजल व पेट्रोल मूल्य वृद्धि को वापस लिया जाए। इस दौरान पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को सौंपा।
ज्ञापन में कानपुर में बालिका संरक्षण गृह की घटना की सीबीआई जांच कराने, गन्ना किसानों का 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान शीघ्र कराए जाने, बीजेपी के शासन काल में सरकारी नौकरियों की भर्ती में हुए भ्रष्टाचार की जांच भी सीबीआई से कराए जाने की मांग भी की गई। इस मौके पर पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, पद्मराग सिंह यादव, अजय पाल सिंह, रहमत अली, शराफत अली, डीडी वर्मा, सरताज खां, सुभाष पाल, अमित सिंह मीतू, सईद अहमद, नीरज अवस्थी आदि मौजूद रहे।
देर रात उपनिरीक्षक रजनीश त्रिपाठी की तहरीर पर पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा समेत 20 और सात-आठ अज्ञात के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है।