संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मतदान व मतगणना कार्मिक निष्पक्षता के साथ मतदान व गणना कराएंगे। मास्टर ट्रेनर ने आयोग के दिशा-निर्देशों के साथ ही बताया कि मतदान के समय मतदाता को सही प्रकार से मोड़कर ही बैलेट पेपर दिया जाए। इससे मताधिकार के बाद उसे मतपेटी में डालने में दिक्कत नहीं होगी और मत गोपनीय भी रहेगा। ऐसे ही गणना के समय यदि किसी बैलेट पेपर पर एक चुनाव चिह्न से अधिक जगह पर निशान व पेन से लिखा हुआ हो तो उसे वैध नहीं माना जाएगा।
पंचायत उपचुनाव की तैयारियों के क्रम में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मतदान व गणना कार्मिकों को मास्टर ट्रेनर जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. सौरभ पांडेय ने बताया कि मतदान शुरू कराने से पहले मतपेटी को एजेंटों के सामने ही सील किया जाएगा। एजेंटों को कक्ष के बाहर बैठने की व्यवस्था कराई जाए। बूथ के अंदर मतदाता के अतिरिक्त किसी अन्य को न प्रवेश दिया जाए।
उन्होंने गणना कार्मिकों को बताया कि वह पहले मतपत्रों को सीधाकर बंडल बना लेंगे। इसके बाद गणना करेंगे। मतपत्र पर बिंदी या विशेष चिह्न लगा होने पर उसे वैध नहीं माना जाएगा। निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक धीरेंद्र वीर विक्रम सिंह ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी। ट्रेनर संजीव सिंह सहित मतदान व मतगणना कार्मिक मौजूद रहे।