हरदोई। ग्राम हड़हा में एक फरवरी की रात हुई हत्या के आरोपियों को पुलिस से बचाने के नाम पर मिरगावां के एक व्यक्ति ने जमकर वसूली की। बुधवार को घटना में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाने पहुंची पुलिस को पता चला तो वसूली करने वाले के घर जाकर पूछताछ की। इस पर आरोपी और उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। सिपाहियों की नेमप्लेट तोड़कर वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक फरवरी की रात हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हड़हा में मामूली विवाद में कंबू (31) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। भाई शिवसिंह की तहरीर पर मिरगावंा के निवर्तमान प्रधानपति समेत छह लोगों को नामजद करते हुए 10-12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
विवेचना में अज्ञात में शामिल लोगों का पता चलने पर पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। बुधवार की शाम हरपालपुर कोतवाली के दीवान राजेंद्र कुमार और धर्मेंद्र कुमार, सिपाही राहुल व दीपक कुमार के साथ मिरगावां गए थे। वहां एक संदिग्ध को पकड़ने पर पता चला कि गांव के महिपाल सिंह ने हत्याकांड के आरोपियों और विवेचना के दौरान सामने आए लोगों को पुलिस से बचाने के नाम पर वसूली की है।
इस पर पुलिसकर्मियों ने महिपाल से पूछताछ शुरू की और कोतवाली चलने को कहा। इस पर महिपाल घर में घुस गया। कुछ देर बाद महिपाल, उसके परिवार की महिलाओं और अन्य लोगों ने पुलिस कर्मियों पर हमला बोल दिया। सिपाहियों की नेमप्लेट तोड़कर वर्दी भी फाड़ दी। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
किसी तरह पुलिसकर्मी कोतवाली पहुंचे। हरपालपुर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दीवान राजेंद्र कुमार की तहरीर पर महिपाल, उसकी पत्नी सुनीता, पुत्री उमा, राजपाल और उसके पुत्र राहुल, राहुल उर्फ अजय कुमार और राम किशोर के विरुद्ध धोखाधड़ी, सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।