पिहानी। दिल्ली से पिहानी आ रही बस में सीट को लेकर हुए विवाद व तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने परिचालक की तहरीर पर पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, बस संचालन से संबंधित आवश्यक कागजात नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने बस को भी सीज कर दिया है।
रविवार की रात दिल्ली से पिहानी आ रही डबल डेकर बस में सीट को लेकर विवाद हो गया था। मारपीट से नाराज पिहानी के यात्रियों ने बस में तोड़फोड़ की और परिचालक से मारपीट की। इस मामले में देर शाम सुलह समझौते के प्रयास हुए, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार पुलिस को दोनों पक्षों पर कार्रवाई करनी पड़ी।
पुलिस ने बस परिचालक शमसुल निवासी ग्राम अब्दुल्लानगर की तहरीर पर आरोपी तुफैल कुरैशी, साकिब, कुरैशी व सुहेल कुरैशी निवासी मोहल्ला नागर, दानिश निवासी कोटकलां व गोपी निवासी इटारा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से दिल्ली पिहानी के बीच फेरों के संबंध में बस के अभिलेख न दिखा पाने पर बस को सीज कर कब्ज़े में ले लिया है।