संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर की आवास विकास कालोनी में किराये पर रह रहे रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज के प्रवक्ता के मकान चोरी के मामले में पुलिस शक के आधार पर कई लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाई है।
पुलिस पुराने अपराधियों की कुंडली भी खंगालने में जुटी है। शाहजंहापुर जिलेे के निगोही निवासी ज्ञानेंद्र कुमार शहर के रफी अहमद किदवई इंटर काॅलेज में प्रवक्ता हैं । वह परिवार के साथ आवास विकास कालोनी में मकान नंबर-205 में अर्चना सिंह के यहां किराए पर रहते हैं। वहीं दूसरी तरफ शिक्षिका आभा पाण्डेय रहती हैं। छुट्टी में आभा पाण्डेय अपने घर गई हुई थीं । 13 जून को ज्ञानेंद्र कुमार भी ताला डाल कर अपनी ससुराल कानपुर चले गए। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिक्षिका आभा पाण्डेय जब घर पहुंची तो चोरी की वारदात की जानकारी हुई। ज्ञानेंद्र के बहनोई अमर सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद कई लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।