हरदोई। नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर को लेकर आसपास के जिलों में हो रहे बवाल को देखकर पुलिस की चौकसी के बीच शुक्रवार का दिन जिले में सौहाद्रपूर्ण तरीके से बीत गया। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने से उत्साहित जिले के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को नई पहल की। सभी कोतवाली और थानों में मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध लोगों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही ये भी बताया गया कि एनआरसी से कोई नुकसान नहीं होगा। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भी भ्रम दूर किया गया।
बावन प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम सवायजपुर कपिल देव यादव और सीओ हरपालपुर राकेश वशिष्ठ शनिवार सुबह से ही क्षेत्र में भ्रमण पर निकले। लोगों को सीएए के बारे में जानकारी दी और सार्वजनिक स्थलों पर जागरुकता संबंधी पंफलेट लगवाए। धारा 144 का पालन करने के निर्देश दिए। इस दौरान लोनार कोतवाल राजेश कुमार राय, चौकी प्रभारी संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
मल्लावां प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली परिसर में कोतवाल शिवशंकर सिंह और खंड विकास अधिकारी मयंक द्विवेदी ने मुस्लिम समुदाय के सईद अंसारी, हाजी इसहाक अंसारी, चंदन शेख, शानू अंसारी, वाहिद शेख को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया।
गोपामऊ प्रतिनिधि के अनुसार टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र सरोज ने गोपामऊ चौकी परिसर में हुई बैठक में कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को समझना जरूरी है। हिंसा की इजाजत किसी को नहीं है। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों को सम्मानित किया गया। यहां अधिशासी अधिकारी श्वेता सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि जहिद खां, मौलाना हसन, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वली मोहम्मद, मौलाना हिमायतुल्ला, हाफिज शमसेर, मौलाना इरफान, उमेश रस्तोगी मौजूद रहे।
संडीला प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में अमनचैन बनाए रखने के लिए एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव, सीओ अमित किशोर श्रीवास्तव, कोतवाल जगदीश यादव ने लोगों को सम्मानित किया। यहां सभासद हसन मक्की, लताफत, नायबअली, फैयाज, शमीम आदि मौजूद रहे।
शाहाबाद प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम एपी श्रीवास्तव, सीओ उमाशंकर सिंह और कोतवाल एसपी उपाध्याय जामा मस्जिद पहुंचे और इमाम मकसूद हुसैन को गुलाब का फूल भेंट कर अमनचैन बनाए रखने में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया। इस मौके पर पूर्व सभासद पुतान खां भी मौजूद रहे। उधर एडीएम संजय कुमार सिंह और एएसपी त्रिगुण विसेन ने नगर का भ्रमण किया।
टोडरपुर प्रतिनिधि के अनुसार मझिला थानाध्यक्ष संजीव शर्मा ने मुस्लिम बाहुल्य टुमुर्की में दरगाह मस्जिद के इमाम मौलाना इसरार खां सहित कई मौलानाओं से मुलाकात की। थानाध्यक्ष ने गुलाब का फूल देकर सौहार्र्द बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया। विभिन्न गांवों में सीएए के प्रति जागरुकता संबंधी पंफलेट भी वितरित किए गए।
बेहटागोकुल प्रतिनिधि के अनुसार थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश आनंद ने थाना परिसर में मुस्लिम समाज के लोगों को फूल देकर सम्मानित किया।
सांडी प्रतिनिधि के अनुसार थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश यादव ने पुलिस टीम के साथ पैदल मार्च किया।
पिहानी प्रतिनिधि के अनुसार पुलिस ने शनिवार को भी सतर्कता बरती। मुस्लिम समाज के लोगों को फूल देकर सम्मानित किया गया।