हरदोई। लॉकडाउन के दौरान लोग समझाने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे और न मास्क पहन रहे हैं। मंगलवार को सड़कों पर बहुत से लोग नियम तोड़ते नजर आए तो पुलिस ने मित्र की तरह उन्हें समझाया। कहा कि लॉकडाउन के दौरान घर पर ही रहें, इसमें हमारी भलाई है। दोपहर दो बजे तक बैंकों, दवा व किराना की दुकानों पर जाकर पुलिस ने लोगों को जागरूक किया। जो नहीं माने उन्हें सख्ती से समझाया।
सिनेमा चौराहे पर पुलिस सुबह से ही मुस्तैद रही। सुबह 10 बजे वहां से गुजरी कार में चार लोगों को बैठे देख पुलिस ने रोक लिया। कार सवारों ने जिला अस्पताल से आने की बात कही। जिस पर पुलिस ने उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाया।
अपनी नहीं तो बच्चों की चिंता करो
शहर के मुन्ने मियां चौराहे पर पुलिस ने बाइक सवार दंपति को रोका। दोनों मास्क नहीं लगाए थे और टंकी पर बैठे बच्चे के पास भी मास्क नहीं था। इस पर पुलिस ने उन्हें समझाया कि खुद की नहीं तो बच्चे की तो फिक्र करो। बगैर मास्क घर से न निकलो।
बीमार का हालचाल लेने इतने लोग क्यों निकले
सिनेमा चौराहे पर एक ही परिवार के कई सदस्यों को एक साथ जाते देख पुलिस ने उन्हें रोका। उनसे बाहर जाने का कारण पूछा। उन लोगों ने बाबा की तबीयत खराब होने की बात कही। तो पुलिस ने कहा कि सबको एक साथ अस्पताल जाने की क्या जरूरत। इस समय घर पर ही रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
इसी जागरुकता के साथ करें खरीदारी
शहर के पालिका क्षेत्र में इन दिनों जो भी किराने की दुकानें खुल रहीं हैं, उनमें सोशल डिस्टेंसिंग का खूब पालन किया जा रहा है। पिहानी चुंगी पर भी मंगलवार सुबह आठ बजे के बाद दुकानें खुलीं नजर आईं। यहां खरीदारों ने सोशल डिस्टेंसिंग अपनाकर सामान खरीदा।