हरदोई। शहर कोतवाली में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के साथ अभद्रता होने के विरोध में वकील शनिवार को हड़ताल पर रहे। नारेबाजी करते हुए एसपी कार्यालय का घेराव किया। कोतवाल के तबादले और दरोगा के निलंबन की मांग की। एसपी ने दरोगा, सिपाही को लाइन हाजिर कर जांच के लिए टीम गठित की है। लेकिन वकील इससे संतुष्ट नहीं हुए और अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी।
शहर के एक होटल में शुक्रवार रात दो पार्टियां चल रही थी। इसमें डांस करने को लेकर विवाद हो गया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस दो युवकों को उठा ले गई। इन युवकों में एक अधिवक्ता का पुत्र भी था। इसकी जानकारी होने पर जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष सतीश सिंह कुछ अधिवक्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि कोतवाली में दारोगा हरेंद्र सिंह और एक सिपाही से उनकी बहस हुई। वकीलों ने मामले की शिकायत कोतवाली प्रभारी से की।
इसके बाद भी उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार सुबह बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं ने मीटिंग कर हड़ताल का प्रस्ताव पास किया । इसके बाद अध्यक्ष सतीश सिंह की अगुवाई में एसपी कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की और कोतवाल के तबादले, दरोगा और सिपाही के निलंबन की मांग की। एसपी ने दरोगा हरेंद्र सिंह व सिपाही को लाइन हाजिर करने के साथ जांच के लिए कमेटी भी गठित कर दी हैं। टीम दो दिन में एसपी को रिपोर्ट देगी।