भरावन। तहसील संडीला के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने नटपुरवा में नौ आरोपियों की 30 चल-अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया है। पुलिस मीडिया सेल ने संपत्ति की कीमत तीन करोड़ 25 लाख आंकी है।
डीएम के कुर्की के आदेश के बाद संडीला तहसीलदार राजीव यादव, संडीला सीओ अंकित मिश्रा फोर्स के साथ नटपुरवा पहुंचे। यहां पर कुर्की की ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। मुकदमा के विवेचनाधिकारी कासिमपुर कोतवाल महेश चंद्र, संडीला कोतवाल आलोक कुमार, अतरौली कोतवाली का कार्यभार देख रहे वहीद अहमद आदि ने फोर्स के साथ नौ आरोपियों की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली है। विवेचक महेश चंद्र ने बताया कि दो बाइक और एक पिकअप डाला अभी नहीं मिला है। जल्द ही इसे भी कुर्क कर लिया जाएगा।