हरदोई। जिला अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं की लगातार शिकायत मिलने पर सीएमओ ने गुरुवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। मगर सिर्फ औपचारिकता निभा मरीज और तीमारदार की शिकायतों को अनसुनी कर लौट गए। अस्पताल की अव्यवस्था जस की तस बनी हुई है।
जिला अस्पताल में मरीजों के साथ कर्मचारियों व चिकित्सकों की ओर से की जा रही मनमानी की लगातार शिकायत मिल रही थी। विभाग के मुखिया का कार्यालय भी अस्पताल कैंपस में है। मगर उन्होंने व्यवस्था में सुधार करने का प्रयास नहीं किया। शिकायतें बढ़ने पर गुरुवार को वह अपने चैंबर से निकले और अस्पताल का निरीक्षण कर डाला। निरीक्षण के दौरान ओपीडी, एक्सरे रूम, ब्लड बैंक आदि का जायजा लिया और वहां की व्यवस्था देखी।
डिजिटल एक्सरे रूम में कर्मचारी गायब मिले। साथ वहां पर मौजूद तीमारदारों ने शिकायत की कि यहां पर एक्सरे प्लेट नहीं दी जाती है। शिकायत सुन उन्होंने सीएमएस को देखा और कक्ष से निकल गए। उनका निरीक्षण महज औपचारिकता साबित हुआ। इस संबंध में सीएमओ डा. अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल की व्यवस्था देखी थी। सीएमएस का सुधार के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के नाम पर बोले अभी वह मीटिंग में है बाद में बताएंगे।