पिहानी (हरदोई)। पीरपुर में प्रत्याशियों के बस्तों के पास बीडीसी पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच गोलियां चल गईं। एक गोली राहुल के पैर में लगी। इससे लोग सहम कर घरों में दुबक गए। पुलिस प्रशासन के आला अफसरों ने हालात का जायजा लिया। आरोपी पक्ष के दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है।
पीरपुर गांव में प्रत्याशी अपने-अपने बस्ते मस्जिद के पास लगाए थे। इस बीच अचानक दो पक्षों के बीच गोलियां चलने लगीं। इससे अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई फायर होने से लोगों में दहशत फैल गई। एक गोली प्रत्याशी रामबोद त्रिपाठी के समर्थक राहुल पुत्र सालिक के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। खबर पर आनन- फानन अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
अधिकारियों ने फोर्स के साथ गांव में काबिंग की। रामबोद त्रिपाठी ने बताया कि राहुल उनकी चुनाव पर्चियां बना रहा था। इस बीच आरोपी पक्ष के लोग आ गए और उन्होंने फायर करते हुए राहुल को घायल कर दिया। आरोपी दूसरे प्रत्याशी के समर्थक थे। पुलिस के अनुसार राहुल व आरोपी पक्ष के बीच पुरानी रंजिश की बात भी सामने आ रही है। राहुल को सीएचसी भेजा गया, जबकि आरोपी पक्ष के दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने घायल राहुल के पिता सालिक की तहरीर पर आरोपी हसीब पुत्र यूनुस, गुड्डू पुत्र नन्हें व जाबिर पुत्र कासिम के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पीठासीन के अनुसार झगड़े से मतदान पर असर नहीं पड़ा और वोटिंग जारी रही। बारह बजे दोपहर हुए गोलीकांड के बाद भी मतदान जारी था और दोपहर एक बजे तक कुल 990 वोट में 386 लोग वोट डाल चुके थे। हालांकि अंदर इक्का दुक्का लोग वोट डालते मिले और बाहर सन्नाटा फैला हुआ था। उधर, भिरिया गांव में प्रत्याशी समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। यहां लोगों ने खुले आम असलहों का प्रदर्शन किया। दो प्रत्याशी समर्थक वोट डलवाने को लेकर भिड़ गए। देा लोगों में मारपीट के बाद एक प्रत्याशी समर्थकों ने उनके बस्ते पर असलहों का प्रदर्शन किया। महमूदपुर सरैयां गांव में फर्जी वोट डालने के लिए लाइन में लगे कई लोगों को ग्रामीणों की भीड़ ने ही दबाव बनाकर बाहर निकाल दिया।