मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मियों ने
कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी तब तक वह काम पर नहीं लौटेंगे। उधर,
हड़ताल के चलते नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं और इनसे उठती
दुर्गंध से लोग परेशान हैं।
उधर, हड़ताल के चौथे दिन सोमवार को सफाई
कर्मचारी संघ के नेता कन्हैया लाल बाल्मीकि ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ
एसडीएम से मुलाकात कर मांगें जल्द पूरी कराने की बात कही। ज्ञात हो कि
संविदा कर्मियों का वेतन शासनादेश के अनुसार देने समेत कई अन्य मांगों को
लेकर हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मी चौथे दिन भी काम नहीं लौटे।
उनके तेवर
देख नगर पालिका के कर्मचारी ने मुख्य गेट पर ताला डाल अंदर कमरों में बैठकर
कामकाज निपटाया। ऐहतियात के तौर पर दफ्तर के पीछे स्थित छोटा दरवाजा खोल
लिया था। सफाई कर्मी संघ के पदाधिकारी दोपहर बाद एसडीएम के आवास पर पहुंचे।
इस
दौरान एसडीएम से मुलाकात कर मांगाें पर गंभीरता से विचार कर निस्तारण
कराने की मांग की। इधर, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नगर में जगह
जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, वहीं नालियां चोक होने से पानी सड़क पर बहने लगा
है। यदि यही हाल रहा तो संक्रामक रोग फैलने से इंकार नहीं किया जा सकता।
उधर, एसडीएम और प्रभारी ईओ मंशाराम वर्मा ने बताया कि संविदा कर्मियों के
पुनरीक्षित वेतनमान के संबंध में शासन से मंजूरी लेने के प्रयास किए जा रहे
हैं। अन्य मांगों को भी पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।