फोटो- 21- जिला अस्पताल परिसर में बैठे मृतक के परिजन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के गांव पुरौली के पास नहर मोड़ पर मोपेड में पीछे से आई पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा, बहू और पौत्री घायल हो गए।
पाली थाना क्षेत्र के गांव अदमापुर निवासी पिंकू (30) शनिवार को पत्नी गौरी (25), बेटी नैना (1) व पिता रामकिशन (60) के साथ मोपेड से थाना क्षेत्र के ग्राम पुरौली निवासी साले श्याम सुंदर के घर गया था। रविवार को सभी मोपेड से घर लौट रहे थे। रास्ते में पुरौली से कुछ दूर नहर मोड़ के पास उसकी मोपेड में पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में रामकिशन की सांसें थम गईं। बेटा पिंकू, बहू गौरी व पौत्री नैना घायल हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक भाग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोपेड पर सवार किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था। परिजनों ने बताया कि पिंकू शनिवार को पिता को दवा दिलाने पुरौली गांव ले गया था। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेज दिया है।