हरदोई। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना के साथ ही आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई। प्रत्याशियों ने रात 10 बजे से सुबह छह बजे के मध्य लाउडस्पीकर आदि से प्रचार किया तो कार्रवाई तय है। प्रत्याशियों की ओर से चुनाव प्रचार से पहले अनुमति भी लेनी होगी।
आज नामांकन शुरू हो जाएंगे। नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार भी होगा। लाउडस्पीकर, साउंड सिस्टम आदि से प्रचार के लिए सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक की ही अनुमति मिल सकेगी। रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर का उपयोग, जनसभा व नुक्कड़ आदि को आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा। इसकी पुष्टि पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि आचार संहिता के उल्लंघन और चुनाव से जुड़ी जानकारी, सुझाव व शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर-1950 और 05852-234407 पर कंट्रोल रूम संचालित हो रहा है। साथ ही सी-विजिल एप पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। इसमें शिकायतकर्ता का नाम, पता भी गोपनीय रहता है।
जीआईसी में बनेगी पार्किंग, रहेगा रुट डायवर्जन
अमर जवान चौक से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तिराहा तक मार्ग के नो-व्हीकल जोन घोषित किए जाने से यातायात का डायवर्जन भी किया गया है। बताया गया कि पीडब्ल्यूडी तिराहा होकर आने वाले वाहन अब कंपनी बाग के सामने के रास्ता से होकर नुमाइश चौराहा होते आएंगे और ऐसे ही जाएंगे। अधिवक्ता-वादकारी और सामान्यजन को एसपी कार्यालय की ओर से आवागमन की सुविधा रहेगी।
विकास भवन आने वाले भी इस मार्ग और गन्ना सोसायटी कार्यालय परिसर से होकर आ सकेंगे। कलक्ट्रेट जाने वाले प्रत्याशी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और मीडिया कर्मियों के लिए जीआईसी में पार्किंग बनाई गई है। पार्किंग स्थल पर भी सुरक्षा बंदोबस्त के साथ मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है।
बिना अनुमति नहीं निकाल सकेंगे जुलूस
लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के साथ ही अब जुलूस, वाहन रैली आदि भी निकलनी शुरू होंगी। बताया कि बिना अनुमति के जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। एक जुलूस में 10 से अधिक वाहनों के प्रयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी। 10 से अधिक वाहन होने पर कार्रवाई होगी। जुलूस, सभा आदि की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
आज से 72 एसएसटी करेंगी वाहनों की जांच
नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) भी बृहस्पतिवार सुबह से काम करना शुरू कर देंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आठ विधानसभा क्षेत्रों में 72 एसएसटी लगाई गईं हैं। इसी के साथ 72 उड़नदस्तों की टीम पहले से ही काम कर रहीं हैं। एसएसटी वाहनों की जांच-पड़ताल कर चुनाव में धन-बल, शराब आदि के दुरुपयोग की निगरानी करेंगी। एक विधानसभा क्षेत्र में नौ टीमों को लगाया गया है। इसमें तीन-तीन टीमें चिह्नित स्थलों पर जांच-पड़ाल करेंगी।
33 जोन और 201 सेक्टर में बांटा गया जिला
लोकसभा चुनाव में शांति व्यवस्था और सुचारू रूप से चुनाव के काम और मतदान कराने के लिए आठ विधानसभा क्षेत्रों को 33 जोन में बांटा गया है। सघन निगरानी के लिए 201 सेक्टर बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि 33 जोन में विधानसभा क्षेत्र में पांच जोन बनाए गए हैं जबकि, हरदोई, शाहाबाद, सांडी, गोपामऊ, बिलग्राम-मल्लावां, बालामऊ और संडीला में चार-चार जोन बनाए गए हैं। ऐसे ही सवायजपुर में 38, शाहाबाद में 23, हरदोई में 20, गोपामऊ में 25, सांडी, बिलग्राम-मल्लावां में 23-23, बालामऊ में 24 और संडीला में 25 सेक्टर बनाए गए हैं। सभी में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगा दी गई है।
डीएम ने लिया नामांकन कक्षों की व्यवस्था का जायजा
जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार दोपहर बाद सीडीओ सौम्या गुरुरानी और अन्य अधिकारियों के साथ लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए नामांकन कक्षों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलक्ट्रेट परिसर में भी उन्होंने अन्य व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों से जानकारी ली। संबंधित को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एडीएम प्रियंका सिंह, उपनिदेशक कृषि डॉ. नंदकिशोर व अन्य संबंधित अधिकारी साथ रहे।