लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम भैलामऊ में 15 दिन से बिजली संकट झेल रहे लोगों का सब्र मंगलवार को टूट गया। दर्जनों लोगों ने कस्बा स्थित सब स्टेशन पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
समस्या जानने पहुंचे तहसीलदार सवायजपुर मूसाराम थारू को एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। पुलिस व बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया।
भैलामऊ में 15 दिन से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। इससे नाराज गांव के करीब 40 उपभोक्ता मंगलवार दोपहर कस्बा स्थित उपकेंद्र पहुंचे और बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
बताया कि बिजली न आने से खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। मंगलवार दोपहर वह तहसील जाकर एसडीएम से भी मिले थे, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार सवायजपुर मूसाराम थारू मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज प्रदर्शनकारी तहसीलदार के साथ उपकेंद्र के अंदर आ गए और उपकेंद्र का गेट बंद कर उन्हें बंधक बना लिया।
इसकी सूचना मिलते ही अभियंता विद्युत शाहाबाद सूर्यकुमार, उपखंड अधिकारी विद्युत शाहाबाद रणधीर कुमार, कोतवाल लोनार राजेश राय, एसओ हरपालपुर ज्ञानेंद्र सिंह व सवायजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने शाम तक आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद लोग शांत हुए। प्रदर्शनकारियों में कमल किशोर दुबे, पवन, विपिन, कमलेश, सुशील, कमलाकांत, गोविंद, कमला शंकर, कुलदीप कुमार, कमलाकांत, रामकरण व आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।
हरदोई में सवायजपुर पावर हाउस में तहसीलदार मूसाराम थारू को बंधक बनाए ग्रामीण। अमर उजाला- फोटो : HARDOI