तीखे चल रहे मौसम के तेवरों से कड़ाके की ठंड से लोग
परेशान है। आलम यह है कि रविवार को सूर्यदेव निकले, पर धूप में गर्मी न
होने और बादलों के साथ लुका छिपी चलते रहने से वातावरण में गलन और बढ़ गई,
जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उधर, रविवार को कोहरे से हल्की
राहत रही, पर धुंध का असर ट्रेन संचालन पर दिखाई दिया।
लोगों को ठंड से बचने को अलाव आदि
का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके बाद भी लोगाें की कंपकंपी छूट रही है।
लोगों को सर्दी से बचाव के लिए तरह-तरह के जतन करने पड़ रहे हैं। सबसे
ज्यादा परेशानी का सामना गरीब तबके के लोग कर रहे हैं और गरीबों के लिए ठंड
आफत बनी हुई है।
लोग सर्दी से बचने को इधर-उधर से पुआल और लकड़ी, कोयला
आदि की व्यवस्था कर रहे, ताकि अलाव जलाकर किसी तरह से सर्दी का सामना कर
सके। खास बात यह है कि सर्दी रूपी आफत से बचने को भगवान से गुहार लगा रहे
है। ठंड बढ़ने के कारण लोगोें की दिनचर्या पर खासा असर पड़ा है और शाम होते
ही लोग घरों में दुबकने लगे हैं।
शीत लहर के चलते लोगों की सुबह देर से
हो रही और शाम जल्दी हो रही है। इसी के चलते लोगों की सुबह और शाम की वॉक
पर ब्रेक लगा हुआ है। सबसे ज्यादा समस्या फील्ड वर्करों तथा दिहाड़ी
मजदूरों के सामने हैं, जिन्हें इस सर्दी में भी काम से राहत नहीं मिल पा
रही, क्योंकि काम करना उनकी मजबूरी है। आज तापमान का अधिकतम स्तर 19.0 तथा
न्यूनतम स्तर 12.0 डिग्री रहा।
उधर, नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही
बारिश और धुंध से ट्रेनों का संचालन प्रभावित बना हुआ है। रविवार को कोहरे
से हल्की राहत बनी रही, पर धुंध का असर ट्रेन संचालन पर दिखाई दिया।
चंडीगढ़ एक्सप्रेस व त्रिवेणी सहित कई ट्रेनें लेट रहीं, जिससे यात्रियों
को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हरदोई से गुजरने वाली अप और डाउन
रूट की कई ट्रेनों का संचालन लड़खड़ाया हुआ है। ट्रेनों का संचालन प्रभावित
होने से यात्री बेहाल रहे, तो बसों व अन्य माध्यमों से उन्हें राहत नहीं
मिल सकी। रविवार को अप और डाउन रूट की ट्रेनें ज्यादा प्रभावित हुईं। इनमें
लखनऊ से चंडीगढ़ तक जाने वाली एक्सप्रेस 14 घंटे लेट चली।
अप रूट की अन्य
ट्रेनों में गुवाहाटी एक्सप्रेस चार घंटे, सियालदह एक्सप्रेस दो घंटे तथा
त्रिवेणी एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुुंची। डाउन रूट पर
पंजाब मेल दो घंटे, डुप्लीकेट एक्सप्रेस चार घंटे, किसान एक्सप्रेस दो घंटे
व चंडीगढ़ सुपरफास्ट पांच घंटे, त्रिवेणी एक्सप्रेस दो घंटे, लखनऊ मेल दो
घंटे तथा दून एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहुंची।